राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेसियो ने किया नमन

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा द्वारा भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती सद्भावना दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम परिसर, टी.पी. नगर स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

 

कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि राजीव गांधी की सोच पंचायती राज के माध्यम से ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने की थी। वे चाहते थे कि गांव के लोगों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी हो। सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि महिलाओं को सत्ता और समाज में 33 प्रतिशत भागीदारी दिलाने की रूपरेखा राजीव गांधी ने तैयार की थी, जिसका लाभ आज देखने को मिल रहा है।

 

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि राजीव गांधी के प्रयासों से देश में पंचायती राज व्यवस्था मजबूत हुई। उन्होंने पूरे देश का भ्रमण कर हर वर्ग से संवाद किया था और इसी दौरान कोरबा के आदिवासी बहुल ग्राम रंजना भी पहुंचे थे।

 

पूर्व विधायक श्यामलाल छात्र ने कहा कि राजीव गांधी के भीतर हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने का जुनून था। उनकी दूरदर्शी सोच भारत को अंतरराष्ट्रीय पटल पर नई पहचान दिलाने के लिए समर्पित थी।

 

इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनोज चौहान, पूर्व अध्यक्ष नत्थूलाल यादव, हरीश परसाई, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, विकास सिंह, श्याम सुंदर सोनी, कुसुम द्विवेदी, सपना चौहान, पालुराम साहू, राकेश पंकज, मो. शाहिद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने राजीव गांधी के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।