खेलते-खेलते कुएं में गिरा 3 साल का मासूम, मौत

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा, 22 अगस्त। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34 स्थित पुरानी बस्ती के दादर बस्ती में खेलते-खेलते कुएं में गिरने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

 

जानकारी के अनुसार अभियांस पटेल घर में खेल रहा था। इसी दौरान वह घर से लगी बाड़ी में स्थित कुएं के पास पहुंच गया और अचानक कुएं में गिर गया। काफी देर तक मासूम के नजर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उसके कुएं में गिरने की जानकारी हुई।

 

परिजनों ने तत्काल मासूम को कुएं से बाहर निकाला और उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

 

मृतक के पिता सतानंद पटेल खेती-किसानी के साथ बाड़ी में सब्जी लगाने का काम करते हैं। अभियांस दो भाइयों में छोटा था और आंगनबाड़ी जाता था। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही झमाझम बारिश के कारण कुएं में पानी लबालब भरा हुआ था। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।