सुभाष ब्लॉक में कचरे की भरमार, निगम की गाड़ियां भी डाल रही कचरा

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। सीसीएल कॉलोनी के सुभाष ब्लॉक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स परिसर के पास कचरे की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि आसपास के क्षेत्रों से कचरा उठाकर यहां बेतरतीब तरीके से डंप किया जा रहा है। इतना ही नहीं, नगर निगम की कचरा गाड़ियां भी यहां पहुंचकर कचरा डालती हैं, जिससे क्षेत्र में कचरे का अंबार लग गया है।

 

कचरे की भरमार के कारण पूरे इलाके में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। वर्तमान में बारिश का मौसम होने के कारण कचरे के बीच पानी जमा हो रहा है, जिससे छोटे-छोटे कीड़े और मच्छर पनप रहे हैं। सड़ते कचरे से निकलने वाली तेज दुर्गंध ने आसपास के दुकानदारों की परेशानी बढ़ा दी है।

कचरे के बीच खेलते दिखाई दे रहे छोटे बच्चे

 

सबसे चिंताजनक बात यह है कि कचरे के ढेर के आसपास छोटे बच्चे खेलते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। कचरे के बीच जमा गंदा पानी, सड़न और कीड़े-मकौड़ों के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों को इस गंदगी के बीच खेलने से रोकने और क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए तत्काल सफाई जरूरी है।

बदबू के बीच दुकान चलाना मजबूरी

 

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि दुकानें ही उनकी रोजी-रोटी का साधन हैं, इसलिए बदबू और गंदगी के बावजूद दुकान खोलकर बैठना मजबूरी है। कई बार स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि दुकान के भीतर इत्र डालकर बैठना पड़ता है।

दुकानदारों के मुताबिक, कचरा डंप करने के लिए निर्धारित स्थान अलग है, इसके बावजूद शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास लगातार कचरा डाला जा रहा है। लोगों का कहना है कि रोजाना कचरा जमा होने से क्षेत्र की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।

धार्मिक आयोजन स्थल के पास गंदगी से आस्था भी प्रभावित

 

शॉपिंग कॉम्प्लेक्स परिसर के आसपास धार्मिक आयोजन भी होते हैं। यहां भगवान दुर्गा की पूजा होती है और गणेश चतुर्थी के दौरान भगवान गणेश की प्रतिमा भी स्थापित की जाती है। ऐसे महत्वपूर्ण स्थान के आसपास कचरे का ढेर और दुर्गंध फैले रहने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

 

निर्धारित स्थान पर ही हो कचरे का निस्तारण

 

स्थानीय दुकानदारों और रहवासियों ने नगर निगम एवं संबंधित प्रबंधन से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, कचरा वाहनों द्वारा यहां कचरा डालने पर रोक लगाने तथा निर्धारित स्थान पर ही कचरे का निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान खुले में पड़े कचरे के कारण गंदगी, दुर्गंध और मच्छरों की समस्या बनी हुई है, इसलिए जिम्मेदार विभाग को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।