✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। देवपहरी जलप्रपात में अचानक जलस्तर बढ़ने से नदी के बीच टापू पर फंसे तीन युवकों को करीब 15 घंटे बाद मंगलवार सुबह सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। सुबह करीब 8 बजे पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने अभियान चलाकर तीनों युवकों को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम धनेश्वर सारथी, घनश्याम महंत और सूरज सारथी जलप्रपात के मध्य फोटो खींचने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और तीनों वहीं फंस गए। अंधेरा होने के कारण रात में बचाव अभियान चलाना संभव नहीं हो सका। युवकों ने रातभर झरने के बीच सुरक्षित स्थान पर रहकर समय बिताया।
मंगलवार सुबह जलस्तर और पानी का बहाव कम होने के बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला। सकुशल बाहर आने के बाद युवकों ने राहत की सांस ली।
