मिट्टी का घर गिरने से आंगनबाड़ी सहायिका घायल

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। जिले के कोरबा ब्लॉक अंतर्गत वनांचल ग्राम कुदरी चिंगार में मंगलवार सुबह भारी बारिश के बीच मिट्टी से बना मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में घर के अंदर घरेलू काम कर रही आंगनबाड़ी सहायिका बिफईया बाई उइके (49), पति बजरंग उइके, मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

बिफईया बाई ग्राम पंचायत डोकरमना के कुदरी चिंगार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका के पद पर कार्यरत हैं। बताया गया कि क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण मिट्टी से बना उनका मकान काफी कमजोर हो गया था। मंगलवार सुबह वह घर के अंदर काम कर रही थीं, तभी अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर उनके ऊपर जा गिरा। दीवार और मलबे के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल महिला को बाहर निकाला। उपचार के लिए एंबुलेंस को कॉल किया गया, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। इसके बाद ग्राम पंचायत सरपंच ने निजी वाहन की व्यवस्था की। घायल बिफईया बाई को निजी वाहन से लेमरू के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

लगातार बारिश के बीच मिट्टी के जर्जर मकानों में रह रहे ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।