पट्टा नहीं बना तो पटवारी का सिर फोड़ा

✍️ भागीरथी यादव

 

 

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पट्टा संबंधी काम नहीं होने से नाराज एक युवक ने पटवारी कार्यालय में घुसकर लोहे की पाइप से पटवारी पर हमला कर दिया। हमले में पटवारी के सिर में गंभीर चोट आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला मरवाही थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार बुधवार 26 अगस्त को दानीकुंडी स्थित हल्का क्रमांक-26 के पटवारी शुद्धु राम कोल अपने कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान सचराटोला निवासी प्रकाश पेंद्रो लोहे की पाइप लेकर कार्यालय पहुंचा और पटवारी के केबिन में घुसकर दरवाजा अंदर से बंद कर दिया। इसके बाद उसने पाइप से पटवारी के सिर पर हमला कर दिया।

खिड़की से रोकने की कोशिश, वीडियो हुआ वायरल

हमले के दौरान पटवारी जमीन पर गिर पड़े। युवक ने पाइप अड़ाकर उन्हें कुछ देर तक वहीं रोके रखा। घटना की जानकारी मिलने पर कार्यालय में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने खिड़की के जरिए युवक को रोकने का प्रयास किया और पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया। बाद में युवक ने दरवाजा खोला, जिसके बाद घायल पटवारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

तीन साल से कार्यालय के चक्कर लगाने का आरोप

वायरल वीडियो में आरोपी युवक प्रकाश पेंद्रो यह कहते हुए दिखाई दे रहा है कि वह पिछले तीन वर्षों से पट्टा संबंधी काम के लिए कार्यालय के चक्कर लगा रहा है। उसका आरोप है कि काम नहीं किया गया और पैसे भी वापस नहीं किए गए। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

घटना के बाद आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और शिकायत के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।