✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर/हिर्री। पत्नी के साथ कथित रूप से मारपीट कर जानलेवा हमला करने और गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में हिर्री पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी को तलाश कर हिरासत में लिया गया और पूछताछ में उसने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम बोड़सरा निवासी आशीष कौशिक (31) के खिलाफ उसके साले आदित्य कौशिक ने 2 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आशीष ने अपनी पत्नी सभ्या कौशिक के साथ हत्या की नीयत से मारपीट की, जिसके चलते उसके गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई।
शिकायत के आधार पर हिर्री पुलिस ने अपराध क्रमांक 303/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और 92 के तहत जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा और प्रशिक्षु थाना प्रभारी पीएसआई लीलाधर देशमुख के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी आशीष कौशिक को 4 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा, पीएसआई लीलाधर देशमुख, सउनि राजकुमार वस्त्रकार, प्रधान आरक्षक धर्मेन्द्र राजपूत तथा आरक्षक सुखदेव प्रसाद कश्यप और जितेन्द्र कुमार जगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
