दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार, धारदार चाकू जब्त

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी, 10 जुलाई 2026। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और चाकूबाजी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में थाना भखारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में धारदार चाकू लेकर सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से चाकू जब्त कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पहले मामले में मुखबिर की सूचना पर ग्राम भिंडरावनी भाटापारा निवासी नरेंद्र कुमार पटेल (25) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

वहीं दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली कि मनीष यादव (19) निवासी ग्राम भिंडरवानी मुक्तिधाम के पास धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से भी एक धारदार चाकू बरामद किया। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गुंडा, निगरानी बदमाशों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूमता दिखाई दे या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि करता मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा सके।