दर्री में गहराया जल संकट: आखिर क्या कर रहा है प्रशासन, कब मिलेगी जनता को राहत?

✍️ भागीरथी यादव

 

 

 

कोरबा/दर्री। दर्री क्षेत्र में पेयजल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। कई वार्डों और बस्तियों में नियमित जलापूर्ति नहीं होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पानी की समस्या से परेशान नागरिकों में अब प्रशासन के प्रति नाराजगी भी बढ़ने लगी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जल संकट कोई नई समस्या नहीं है, इसके बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। रोजमर्रा की जरूरतों के लिए लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों का सवाल है कि आखिर प्रशासन कर क्या रहा है? यदि समस्या तकनीकी है तो उसे दूर करने में इतना समय क्यों लग रहा है? जनता पूछ रही है कि इतने दिनों बाद भी पेयजल जैसी बुनियादी समस्या का समाधान क्यों नहीं हो पा रहा है? आखिर ऐसी कौन सी बड़ी बाधा है, जिसके कारण लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है?

नागरिकों का कहना है कि हर बार आश्वासन तो मिल जाता है, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। भीषण गर्मी और उमस के बीच पानी की कमी ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।

अब क्षेत्र की जनता प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जवाब मांग रही है कि जल संकट के समाधान के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं और लोगों को नियमित पेयजल आपूर्ति कब तक सुनिश्चित की जाएगी। पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए जनता का संघर्ष प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर रहा है।