✍️ भागीरथी यादव
कटघोरा। कटघोरा बाईपास के हुकरा क्षेत्र में रविवार देर रात तेज रफ्तार 407 वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर के बाद वाहन के इंजन में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया। कुछ ही देर में 407 जलकर राख हो गया। हादसे के दौरान चालक ने समय रहते वाहन से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हादसे की जानकारी मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान बाईपास पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने भीड़ हटाकर आवागमन सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने चालक से पूछताछ कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
