✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। लालघाट क्षेत्र स्थित एक पोल्ट्री फार्म में सोमवार को अचानक नाग सांप के घुस आने से कर्मचारियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सांप को देखते ही फार्म संचालक ने उसे पकड़ने या भगाने का जोखिम नहीं उठाया और तत्काल वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग के मार्गदर्शन में RCRS की टीम को मौके पर बुलाया गया।
सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम के सदस्य मानस और उमेश मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक पूरे पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण शुरू किया। काफी खोजबीन के बाद नाग एक स्थान पर दिखाई दिया। प्रशिक्षित रेस्क्यू तकनीक का इस्तेमाल करते हुए टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।
रेस्क्यू के दौरान टीम ने लोगों को सांप से दूरी बनाए रखने और उसे नुकसान नहीं पहुंचाने की समझाइश दी। बाद में नाग को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
