अटल प्रतिमा निर्माण में अनियमितता का आरोप, दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो युवा कांग्रेस करेगी आंदोलन

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। कटघोरा नगर पालिका परिषद में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर युवा कांग्रेस कोरबा (ग्रामीण) ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष विकास सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि प्रतिमा निर्माण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। मामले में केवल उप अभियंता (सब इंजीनियर) को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर सभी जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार की भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए।

युवा कांग्रेस ने मांग की है कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO), संबंधित ठेकेदार एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक प्रतिमा को हटाने अथवा उसमें किसी प्रकार का परिवर्तन करने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी की गई है।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि तीन दिनों के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो युवा कांग्रेस लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय परिसर के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू करेगी। संगठन ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।