KORBA BREKING: खनिज टीम को देख गली में घुसा रेत लदा ट्रैक्टर देखें वीडियो

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामढ़ी वार्ड क्रमांक 11 स्थित रमेश गली में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब खनिज विभाग की कार्रवाई से बचने के प्रयास में रेत से भरा ट्रैक्टर आबादी के बीच संकरी गली में घुस गया। ट्रैक्टर की रफ्तार और गली में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए कुछ देर के लिए दहशत की स्थिति बन गई। हालांकि, राहत की बात रही कि कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

बताया जा रहा है कि रेत से लदा ट्रैक्टर क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान खनिज विभाग की टीम की नजर वाहन पर पड़ी और उसे रोकने का प्रयास किया गया। कार्रवाई की आशंका के बीच चालक ने मुख्य मार्ग छोड़कर ट्रैक्टर को रमेश गली की ओर मोड़ दिया। संकरी और रिहायशी गली में ट्रैक्टर के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

रमेश गली में दिनभर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की आवाजाही रहती है। ऐसे में भारी वाहन के इस तरह अचानक गली में प्रवेश करने से किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। घटना ने रिहायशी इलाकों में रेत परिवहन करने वाले वाहनों की आवाजाही पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

वार्डवासियों का कहना है कि कार्रवाई से बचने के लिए यदि भारी वाहन आबादी की गलियों का सहारा लेने लगेंगे तो आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। लोगों ने प्रशासन और खनिज विभाग से ऐसे वाहनों पर सख्ती करने तथा रिहायशी क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

फिलहाल ट्रैक्टर के खिलाफ खनिज विभाग द्वारा क्या कार्रवाई की गई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना ने शहर में रेत परिवहन और आबादी वाले क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।