कोरबा में आधुनिक आतिथ्य का नया अध्याय: होटल मायरा ब्लिस एवं सागोन लीफ रेस्टोरेंट का भव्य शुभारंभ

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। शहर के सरदार वल्लभभाई पटेल नगर (साडा कॉलोनी) जमनीपाली में शनिवार को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होटल मायरा ब्लिस एवं सागोन लीफ रेस्टोरेंट का भव्य उद्घाटन जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल, वर्तमान अध्यक्ष योगेश जैन, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पार्षद अशोक चावलानी, आर.पी. तिवारी, नरेंद्र अग्रवाल तथा ओम हॉस्पिटल रायपुर के मैनेजिंग डायरेक्टर ओमप्रकाश अग्रवाल के करकमलों से संपन्न हुआ। अतिथियों ने फीता काटकर, दीप प्रज्वलित कर एवं केक काटकर प्रतिष्ठान का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर रामसिंह अग्रवाल ने कहा कि कोरबा निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में आधुनिक सुविधाओं से युक्त होटल और रेस्टोरेंट का शुभारंभ न केवल स्थानीय नागरिकों बल्कि बाहर से आने वाले मेहमानों के लिए भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रतिष्ठान रोजगार के नए अवसर सृजित करने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी मजबूती प्रदान करते हैं।

अतिथियों ने होटल एवं रेस्टोरेंट की आकर्षक साज-सज्जा, आधुनिक व्यवस्थाओं और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए संचालकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि होटल मायरा ब्लिस एवं सागोन लीफ रेस्टोरेंट अपनी उत्कृष्ट सेवाओं और गुणवत्तापूर्ण आतिथ्य के बल पर शहर में एक नई पहचान स्थापित करेगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह के अंत में होटल संचालक गौरी शंकर अग्रवाल, राजेश अग्रवाल एवं रजत अग्रवाल सहित अग्रवाल परिवार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा स्वागत एवं जलपान की व्यवस्था की।

कोरबा के आतिथ्य एवं व्यावसायिक क्षेत्र में यह नया प्रतिष्ठान विकास, रोजगार और बेहतर सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।