अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस का भव्य आयोजन, एसपी सूरज सिंह परिहार ने दिया स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन का संदेश

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धमतरी पुलिस द्वारा रक्षित केंद्र धमतरी में भव्य योग शिविर एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व एवं उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

योग प्रशिक्षक आरक्षक सूजय मंडल एवं उनकी शिष्या रूची साहू ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा ध्यान का अभ्यास कराया। इस दौरान योग के शारीरिक, मानसिक एवं वैज्ञानिक लाभों की जानकारी भी दी गई। उल्लेखनीय है कि पुलिस लाइन रूद्री में पिछले एक वर्ष के दौरान यह दसवां योग जागरूकता एवं अभ्यास शिविर रहा।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि योग केवल शरीर ही नहीं बल्कि मन और आत्मा को भी स्वस्थ एवं संतुलित रखने का माध्यम है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रतिदिन कम से कम 15 मिनट अनुलोम-विलोम करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

“योग अपनाएं – स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मकता को जीवन में लाएं” तथा “फिट पुलिस – सुरक्षित समाज” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।