✍️ भागीरथी यादव
कवर्धा। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 की बदहाल तस्वीर सामने ला दी है। सड़क पर जगह-जगह जलभराव और जर्जर हिस्सों के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। इसी दौरान उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा का काफिला हाईवे की स्थिति देखकर अचानक रुक गया।

विजय शर्मा ने वाहन से उतरकर मौके पर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान हाईवे पर पानी भरने के साथ ही वाहनों की लंबी कतारें भी नजर आईं। जर्जर सड़क और जलभराव के कारण हादसे की आशंका बनी हुई है। बड़े वाहनों की आवाजाही के बीच यातायात भी प्रभावित हो रहा था।
मौके का निरीक्षण करने के बाद उपमुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और जलभराव की समस्या दूर करने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बारिश के बीच हाईवे की बदहाली को लेकर उनके मौके पर रुककर निरीक्षण करने की चर्चा रही।
