धमतरी में गजब! बैल की गिरफ्तारी की मांग लेकर थाने पहुंचे लोग, पुलिस भी रह गई हैरान….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी। धमतरी में रविवार को उस समय अजीब स्थिति बन गई, जब शिकायत लेकर पहुंचे लोगों के साथ कोई इंसान नहीं, बल्कि एक बैल कोतवाली थाने के सामने खड़ा था। सुंदरगंज वार्ड के लोगों ने बैल को रस्सी से बांधा और वाहन में लादकर थाने पहुंचाया। इसके बाद पुलिस के सामने बाकायदा उसकी शिकायत रखते हुए एफआईआर दर्ज करने और बैल को गिरफ्तार करने की मांग कर डाली। यह नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।

दरअसल, सुंदरगंज वार्ड में पिछले कई दिनों से एक बेकाबू बैल लोगों के लिए परेशानी बना हुआ था। लोगों के मुताबिक, बैल अब तक तीन लोगों को घायल कर चुका है। हाल ही में उसने धमतरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी के घर में भी जमकर उत्पात मचाया, जिसमें उनके पिता घायल हो गए। लगातार हो रही घटनाओं से वार्डवासियों में नाराजगी बढ़ती गई।

बताया गया कि आवारा मवेशी की शिकायत नगर निगम से की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। आखिरकार लोगों ने खुद ही बैल को पकड़ लिया और उसे थाने ले आए। लोगों की मांग थी कि जिस तरह किसी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होती है, उसी तरह इस बेकाबू बैल के मामले में भी पुलिस कार्रवाई करे।

पुलिस ने लोगों को समझाया कि आवारा मवेशियों को पकड़ने और उनके प्रबंधन की जिम्मेदारी नगर निगम की है। इसके बाद लोगों ने बैल को थाने से वापस ले जाकर कांजी हाउस पहुंचा दिया। फिलहाल यह पूरा मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।