✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। करतला थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। युवक को इतनी ऊंचाई पर देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
बताया गया कि देव सिंह राठिया दोपहर के समय गांव के पास स्थित हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। उसकी पत्नी, बच्चे और अन्य लोग नीचे से लगातार उसे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन वह उनकी बात मानने को तैयार नहीं हुआ। कभी वह टॉवर के ऊपरी हिस्से में जाता तो कभी नीचे आता रहा। हाईटेंशन लाइन में करंट प्रवाहित होने के कारण स्थिति बेहद जोखिम भरी बनी हुई थी।
सूचना पर करतला थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार को भी बुलाया गया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने करीब छह घंटे तक युवक से बातचीत कर उसे नीचे आने के लिए समझाया। काफी प्रयास के बाद युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ और सुरक्षित जमीन पर आ गया।
पुलिस के अनुसार युवक शराब के नशे में था। उसके टॉवर पर चढ़ने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
