SP का सख्त Action, 105 की शामत; वारंटी पहुंचे जेल..

✍️ भागीरथी यादव

 

50 गिरफ्तारी वारंट तामील, 10 स्थायी वारंटियों को भेजा जेल; 43 लंबित मामलों में भी शिकंजा

 

कोरबा। गणेश उत्सव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस ने अपनी कार्ययोजना तैयार कर ली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने महज एक दिन में 105 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस कार्रवाई के जरिए अपराध और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों को सख्त संदेश दिया गया है।

विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 50 गिरफ्तारी वारंट तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। वहीं, लंबे समय से फरार चल रहे 10 स्थायी वारंटियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके अलावा 43 लंबित आपराधिक मामलों में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई, जबकि दो आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

एसपी के निर्देश पर तेज हुई पुलिस कार्रवाई

 

गणेश उत्सव के दौरान किसी भी तरह की अशांति, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस ने पहले से ही एहतियाती कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी के निर्देश के बाद थाना स्तर पर वारंटियों, फरार आरोपियों, पूर्व बदमाशों और लंबित मामलों में शामिल आरोपियों की जानकारी जुटाई गई और उनकी धरपकड़ की गई।

 

एक ही दिन में 105 आरोपियों के खिलाफ हुई कार्रवाई पुलिस की सक्रियता को दर्शाती है। खासकर लंबे समय से फरार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून की नजर से बचकर घूम रहे आरोपियों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

 

त्योहार में हुड़दंग किया तो पुलिस तैयार

 

गणेश उत्सव को लेकर पुलिस ने जिले में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता पर रखा है। असामाजिक तत्वों और पूर्व बदमाशों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों, वारंटियों और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

एसपी के निर्देश पर चल रही इस मुहिम का उद्देश्य गणेश उत्सव से पहले ही संभावित उपद्रवियों पर शिकंजा कसना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी डर और परेशानी के उत्सव मना सकें।

 

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से गणेश उत्सव शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।