दीया जलाने के आयोजन को लेकर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने देखें वीडियो….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बैरिकेडिंग से दुकानदारों को परेशानी का कांग्रेस ने लगाया आरोप, विरोध के दौरान दोनों पक्षों में जमकर हुई बहस और खींचतान; 

 

जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर जगदलपुर में आयोजित ‘आशीर्वाद समारोह’ के तहत दंतेश्वरी मंदिर से मिताली चौक तक दीया जलाने के कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। आयोजन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग को लेकर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस का आरोप था कि बैरिकेड लगाए जाने के कारण मार्ग के भीतर स्थित छोटी-बड़ी दुकानों तक लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे स्थानीय दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विरोध की सूचना पर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ महापौर संजय पांडे भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला विवाद और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर खींचतान हुई। इस दौरान मौके पर जूते-चप्पल चलने की भी स्थिति बनी। विवाद के बाद सड़क पर जूते-चप्पल और चश्मे बिखरे नजर आए।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

विवाद बढ़ता देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को अलग-अलग किया। इसके बावजूद काफी देर तक मौके पर नारेबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता एक-दूसरे पर विवाद बढ़ाने के आरोप लगाते नजर आए।