✍️ भागीरथी यादव
29 सितंबर को छुरी के सांस्कृतिक मंच में होगा रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
छुरी/कटघोरा। बजरंग दल कोरबा-कटघोरा प्रखंड संयोजक नरेंद्र सिंह ठाकुर अपने जन्मदिन के अवसर पर व्यक्तिगत खुशी को समाजसेवा से जोड़ते हुए 29 सितंबर 2026, मंगलवार को रक्तदान शिविर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन करने जा रहे हैं। आयोजन छुरी के सांस्कृतिक मंच में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा।
आयोजक नरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि जन्मदिन को केवल व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित रखने के बजाय इसे मानव सेवा और समाजहित से जोड़ने का प्रयास किया गया है। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना तथा लोगों को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जिससे किसी जरूरतमंद मरीज का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम में गोपाल मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल के सहयोग से लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर में आने वाले लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल होंगे। विशिष्ट अतिथियों में जनपद अध्यक्ष कटघोरा झुलबाई गोविंद सिंह कंवर, नगर पंचायत अध्यक्ष पद्मिनी प्रीतम देवांगन, नगर पंचायत उपाध्यक्ष हीरा नंद पंजवानी, एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी दीपका धर्म नारायण तिवारी, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अमरजीत सिंह सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
आयोजक ने क्षेत्रवासियों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि “आपका आशीर्वाद ही मेरे जन्मदिन का सबसे अनमोल उपहार है।” रक्तदान के माध्यम से मानवता की सेवा में सहभागी बनने का आह्वान किया गया है।
