कोरबा : वेतन और ग्रेच्युटी भुगतान की मांग, कलेक्टर से कर्मचारियों ने लगाई गुहार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। कोयला नमूना संग्रहण कार्य से जुड़े कर्मचारियों ने कंपनी द्वारा अचानक काम बंद किए जाने के बाद लंबित वेतन, ग्रेच्युटी एवं अन्य भत्तों के भुगतान की मांग को लेकर कलेक्टर कोरबा को ज्ञापन सौंपा है। कर्मचारियों ने आर्थिक संकट का हवाला देते हुए मामले में हस्तक्षेप कर भुगतान दिलाने की मांग की है।

ज्ञापन के अनुसार, सभी कर्मचारी पिछले एक से तीन वर्षों से क्वालिटी सर्विसेस एंड सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (QSSPL) के अंतर्गत कुसमुंडा, दीपका, गोवरा और मानिकपुर-कोरबा क्षेत्रों में कोयला नमूना संग्रहण का कार्य कर रहे थे। कर्मचारियों का कहना है कि 11 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे कंपनी की ओर से अचानक सूचना दी गई कि QSSPL का कार्य बंद किया जा रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि काम बंद करने से पहले उन्हें किसी प्रकार की पूर्व सूचना नहीं दी गई।

ज्ञापन में बताया गया है कि कार्य बंद होने के बाद कर्मचारियों ने कंपनी के अधिकारियों से संपर्क किया। उस दौरान उन्हें तीन माह का वेतन, ग्रेच्युटी एवं PHD अलाउंस दिए जाने की जानकारी दी गई थी। हालांकि बाद में कंपनी ने अपने निर्णय से इनकार कर दिया। कर्मचारियों के मुताबिक, अब तक भुगतान के संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

कर्मचारियों ने कहा कि अचानक रोजगार बंद होने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और परिवार के भरण-पोषण तथा दैनिक जीवन-यापन में परेशानी हो रही है। उन्होंने कलेक्टर से मामले में हस्तक्षेप करते हुए कंपनी से ग्रेच्युटी एवं तीन माह का लंबित वेतन सहित देय भत्तों का भुगतान कराने की मांग की है। ज्ञापन में कर्मचारियों ने शीघ्र राहत दिलाने की अपील की है।