✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 1 अक्टूबर। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम जवाली-अभयपुर के पास धान के खेत में बुधवार देर रात एक नवजात बच्ची मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने धान की फसल के बीच बच्ची को पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। बांकीमोंगरा पुलिस के निर्देश पर ग्रामीणों ने नवजात को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, नवजात को सुबह करीब 4:10 बजे कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। बीएमओ डॉ. रश्मि सिंह के मुताबिक, बच्ची का प्राथमिक उपचार किया गया। प्रारंभिक जांच में उसकी सांसें कुछ तेज चल रही थीं, हालांकि फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अज्ञात और लावारिस हालत में मिलने के कारण बेहतर उपचार एवं आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए बच्ची को जिला अस्पताल कोरबा रेफर किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा पुलिस के प्रधान आरक्षक भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को खेत में कौन छोड़कर गया और इसके पीछे क्या कारण है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बांकीमोंगरा क्षेत्र में नवजात से जुड़ी यह तीसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले ग्राम कसरेंगा में एक नवजात बालक मिलने की घटना सामने आई थी। वहीं बांकीमोंगरा के मनोरंजन मंदिर के पास नाली किनारे भ्रूण मिलने का मामला भी सामने आ चुका है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को लेकर क्षेत्र में चिंता जताई जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
