प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को मिली थानों की कमान, दो माह तक संभालेंगे स्वतंत्र प्रभार…..

✍️ भागीरथी यादव 

 

 

जांजगीर-चांपा। पुलिस विभाग में प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को मैदानी कार्यों का वास्तविक अनुभव देने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से जिले में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देश पर प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को जिले के अलग-अलग थाना, चौकी और पुलिस सहायता केंद्रों में दो माह के लिए स्वतंत्र प्रभार दिया गया है।

इस व्यवस्था के तहत प्रशिक्षु अधिकारी अब संबंधित क्षेत्र में पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न कार्यों को जिम्मेदारी के साथ संचालित करेंगे। उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम, मामलों की जांच, पुलिस बल के बेहतर समन्वय तथा आम नागरिकों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण जैसे कार्यों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा।

स्वतंत्र प्रभार के लिए महिला थाना सहित चौकी पंतोरा, थाना बम्हनीडीह, पुलिस सहायता केंद्र राहौद, कोटमी सोनार, थाना सारागांव, बलौदा, पामगढ़, शिवरीनारायण, अकलतरा और नवागढ़ को शामिल किया गया है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अलग-अलग जिम्मेदारियां मिलने से प्रशिक्षु अधिकारियों को पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा।

मैदानी अनुभव से निखरेगा नेतृत्व कौशल

प्रशिक्षण के दौरान स्वतंत्र रूप से जिम्मेदारी मिलने से प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को मौके के अनुसार निर्णय लेने, पुलिस टीम का नेतृत्व करने और कानून-व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों से निपटने का व्यावहारिक अनुभव हासिल होगा। इससे भविष्य में नियमित पदस्थापना के दौरान उनके लिए जिम्मेदारियों का निर्वहन अधिक प्रभावी ढंग से करना आसान होगा।

संवेदनशीलता और जवाबदेही पर जोर

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने प्रशिक्षु अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ करने के निर्देश दिए हैं। विभाग का मानना है कि स्वतंत्र प्रभार की यह व्यवस्था प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों के प्रशिक्षण को केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित रखने के बजाय उन्हें वास्तविक पुलिसिंग की परिस्थितियों से रूबरू कराने में उपयोगी साबित होगी।