महुआ शराब के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, शराब के साथ दो गिरफ्तार…..

✍️ भागीरथी यादव

 

 आबकारी एक्ट के तहत भेजे गए न्यायिक रिमांड पर

बिलासपुर, 1 अक्टूबर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीपत पुलिस ने ग्राम फरहदा में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3,600 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम फरहदा के दैहानपारा क्षेत्र में अवैध रूप से महुआ शराब रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। कार्रवाई के दौरान रूखमणी भोई (40), निवासी फरहदा तथा अमृत निषाद (55), निवासी देवरीखुर्द बूटापारा, थाना तोरवा को पकड़ा गया।

तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 12 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया। कार्रवाई के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।