सुशील जयसवाल
पोड़ी उपरोड़ा/सिमगा। भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सिरमिना मंडल के ग्राम पंचायत सिमगा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों, जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीण मातृशक्ति की सहभागिता रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सभापति भारत सिंह सिदार रहे। वहीं सोन साय आयम, सरपंच प्रतिनिधि तथा सिमगा संकुल शिक्षा समिति के अध्यक्ष जय कुमार सिदार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया।
समारोह के दौरान बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं का गोद भराई संस्कार संपन्न कराकर उन्हें पौष्टिक आहार सामग्री एवं उपहार प्रदान किए गए। वक्ताओं ने पोषण, स्वास्थ्य और कुपोषण की रोकथाम के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। इस अवसर पर ‘न्योता भोज’ का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से भोजन किया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पौष्टिक अनाज, दालों एवं हरी सब्जियों से तैयार की गई आकर्षक रंगोली समारोह का विशेष आकर्षण रही। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं प्रदान करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आयोजन में स्थानीय शिक्षक, ग्रामीण एवं मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
