✍️ भागीरथी यादव
200 लीटर डीजल और कैंपर वाहन जब्त, दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
कोरबा/दीपका। एसईसीएल की दीपका खदान में डीजल चोरी के मामले का पुलिस और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान टीम ने दो आरोपियों को मौके से पकड़ लिया, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। आरोपियों के पास से करीब 200 लीटर डीजल तथा चोरी में इस्तेमाल किया जा रहा कैंपर वाहन क्रमांक CG 04 OD 1798 बरामद किया गया है।

पुलिस को देर रात करीब 2 बजे सूचना मिली थी कि दीपका खदान क्षेत्र में एक कैंपर वाहन में डीजल से भरे ड्रम रखे गए हैं और चोरी के डीजल को खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रशिक्षु आईपीएस किशन कुमार निर्मलकर के मार्गदर्शन में दीपका थाना पुलिस और सीआईएसएफ की टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर घेराबंदी की।
संयुक्त टीम के पहुंचते ही कैंपर वाहन में मौजूद चार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और सुरक्षा बलों को देखकर दो व्यक्ति मौके से भाग निकले, जबकि टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बुधमान बिंझवार (32), निवासी दादरपारा, थाना कुसमुंडा और नवधा पटेल (28), निवासी चेतमा, थाना पाली के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर डीजल चोरी में अन्य दो लोगों के शामिल होने की जानकारी दी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने एलके-1 क्षेत्र में खड़े डोजर क्रमांक 905 के डीजल टैंक से पाइप की मदद से करीब 200 लीटर डीजल निकाला था। चोरी किए गए डीजल को टीन के ड्रम में भरने के बाद डोजर सेक्शन में छिपाकर रखा गया था। बाद में इसे बाहर बेचने की तैयारी की जा रही थी
।
जांच के दौरान पुलिस ने चोरी का डीजल और कैंपर वाहन जब्त कर लिया है। मामले में दीपका थाने में बीएनएस की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों नवीन साहू और चुनामणी कश्यप की तलाश की जा रही है।
दीपका और गेवरा खदान क्षेत्रों में डीजल चोरी की शिकायतों के बीच हुई इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं तथा खदान से चोरी किए गए डीजल को कहां-कहां खपाया जाता था।
