✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। शहर के चर्चित खाद्य प्रतिष्ठान न्यू दिल्ली स्वीट्स में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सामने आए वायरल वीडियो के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में प्रतिष्ठान की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठाए गए थे। शिकायत के बाद विभागीय टीम ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर मौके की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जांच के दौरान प्रतिष्ठान में हाइजीन और स्वच्छता संबंधी कमियां सामने आने पर विभाग ने संचालक को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए हैं। विभाग के अनुसार, जब तक प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित कमियों को दूर कर निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक वहां खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक रहेगी। साथ ही प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस भी निलंबित रखा गया है।
सोशल मीडिया की शिकायत पर पहुंची टीम
वायरल वीडियो के आधार पर मिली शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण के दौरान वीडियो में उठाए गए स्वच्छता संबंधी मुद्दों की जांच की गई। कमियां पाए जाने के बाद विभाग ने सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
प्रेम जनरल स्टोर से चायपत्ती का नमूना
इसी कार्रवाई के दौरान दर्री रोड स्थित प्रेम जनरल स्टोर की भी जांच की गई। यहां मिली शिकायत के आधार पर खाद्य विभाग की टीम ने चायपत्ती का नमूना संग्रहित कर परीक्षण के लिए भेजा है। प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही उत्पाद की गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद शहर के खाद्य कारोबारियों में भी हलचल देखी जा रही है। विभाग ने संकेत दिया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़े मामलों में शिकायत मिलने पर निरीक्षण और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
