बांगो थाना क्षेत्र के बंजारी गांव के पास देर रात हुई दुर्घटना, भारी बारिश बनी हादसे की वजह
सुशील जायसवाल
कोरबी-चोटिया (बांगो)।
कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-130 पर सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन इस व्यस्त मार्ग पर हो रहे हादसे लोगों की चिंता बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में बीती रात लगभग तीन बजे बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंजारी के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें ट्रैक्टर इंजन लोड एक ट्रेलर खड़ी ट्रक से जा टकराया। दुर्घटना में ट्रेलर चालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ट्रेलर में नया ट्रैक्टर इंजन लोड कर कटघोरा से अंबिकापुर की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बंजारी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ी एक ट्रक से ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह दुर्घटना घटित हुई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना डायल-112 और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और बांगो पुलिस मौके पर पहुंची। घायल चालक को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराते हुए सुबह उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस संबंध में बांगो थाना में पदस्थ एसआई नरेंद्र डिक्सेना ने बताया कि दुर्घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था को बहाल किया गया।
हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में संबंधित थाने में किसी प्रकार की लिखित शिकायत या अपराध दर्ज नहीं कराया गया था।
लगातार बढ़ रहे हादसे, उठ रहे सवाल
एनएच-130 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश के मौसम में फिसलन, तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण हादसों की आशंका और बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने तथा रात के समय खड़े वाहनों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है!
