स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय हिंदी अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालय कोरबी चोटिया में कर्मचारियों की भारी कमी, प्राचार्य ने पोड़ी उपरोड़ा एस डी एम को लिखा पत्र, सहायक ग्रेड-03 और भृत्य की तत्काल पदस्थापना की मांग

पोड़ी उपरोड़ा (कोरबी-चोटिया):-

 

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबी (चोटिया) में शिक्षकों और कर्मचारियों की कमी अब विद्यालय के सुचारू संचालन के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। विद्यालय के प्राचार्य जे एल जगत, ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए राजस्व अनुविभागीय दंडाधिकारी पोड़ी उपरोड़ा को पत्र लिखकर तत्काल अतिरिक्त कर्मचारियों की पदस्थापना की मांग की है।

प्राचार्य द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि पंचायत चुनाव के मद्देनजर कुछ कर्मचारियों को विद्यालय से कार्यमुक्त कर दिया गया था। इसी बीच दिनांक 08 जुलाई 2025 को सेजेस कोरबी चोटिया के प्रभारी प्राचार्य जी सी गढ़वाल,का आकस्मिक निधन हो गया, जिसके बाद विद्यालय की प्रशासनिक जिम्मेदारी हाई स्कूल लाद के प्राचार्य जे एल जगत,को अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंप दी गई है। इस अचानक हुए बदलाव के कारण विद्यालय के संचालन पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है।

 

*दो पालियों में संचालित होता* *है विद्यालय*

 

प्राचार्य ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि विद्यालय की प्रथम पाली में अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं संचालित होती हैं, जबकि दूसरी पाली में हिन्दी माध्यम की पढ़ाई होती है। दो पालियों में संचालित होने वाले इस विद्यालय में कर्मचारियों की कमी के चलते व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।

 

विद्यालय में कार्यरत एक भृत्य सुक्रिता शायर, का स्थानांतरण शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पथियापाली, विकासखंड करतला में हो जाने के कारण उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया है। इसके बाद अब विद्यालय में केवल एक ही भृत्य शेष रह गया है, जिसे दोनों पालियों में कार्य करना पड़ रहा है।

 

*कार्यालयीन कार्य भी हो रहे प्रभावित*

 

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि कार्यालयीन कार्यों के लिए सहायक ग्रेड-03 तथा अतिरिक्त भृत्य की निरंतर आवश्यकता बनी हुई है। विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या, दो पालियों का संचालन, शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सीमित कर्मचारियों के भरोसे विद्यालय का संचालन करना काफी कठिन साबित हो रहा है।

 

विद्यालय में कर्मचारियों की कमी के कारण अभिलेख संधारण, विद्यार्थियों से संबंधित दस्तावेजी कार्य, शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन, पत्राचार और दैनिक प्रशासनिक व्यवस्थाएं प्रभावित होने लगी हैं। इसके अलावा सफाई, पेयजल व्यवस्था, कार्यालय संचालन और अन्य आवश्यक कार्यों में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

 

*दो कर्मचारियों की पदस्थापना* *की मांग*

 

इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्राचार्य जे एल जगत,ने राजस्व अनुविभागीय दंडाधिकारी मनोज कुमार बंजारे, से अनुरोध किया है कि श्री जुगनू प्रसाद आर्मो (सहायक ग्रेड-03) एवं श्री दिग्विजय सिंह मरावी (भृत्य) को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबी (चोटिया) में तत्काल कार्यमुक्त कर पदस्थ करने की कृपा की जाए, ताकि विद्यालय का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।

 

*विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ सकता है असर*

 

विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि यदि जल्द ही कर्मचारियों की कमी दूर नहीं की गई तो इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और विद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था पर पड़ सकता है। ऐसे में अब सभी की निगाहें एस डी एम पोड़ी उपरोड़ा पर टिकी हुई हैं कि वह इस मांग पर कितनी शीघ्र कार्रवाई करते है।

 

स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी मांग की है कि विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में आवश्यक कर्मचारियों की तत्काल नियुक्ति की जाए, ताकि शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित न हो और विद्यालय का संचालन व्यवस्थित रूप से जारी रह सके।