एशियन ट्रेडर्स में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; ₹2.50 लाख का सामान बरामद

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा, 10 जून। कोरबा पुलिस के “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने चोरी के एक महत्वपूर्ण मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग ₹2.50 लाख मूल्य का चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पावर हाउस रोड निवासी विमल जाजोदिया ने 9 जून को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान एशियन ट्रेडर्स में अज्ञात चोर पीछे के रास्ते से घुसकर डायनेक्स कंपनी का इन्वर्टर, बिरला ओपस पेंट के डिब्बे, बॉश कंपनी की ड्रिल मशीन, ब्रेकर मशीन सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लक्ष्मणबन तालाब क्षेत्र के निवासी मनीष यादव (19) और प्रकाश चौहान (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली और उनके कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया। पुलिस ने करीब ₹2.50 लाख मूल्य के मशरूका की शत-प्रतिशत रिकवरी की है।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के कुछ ही समय बाद आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की पूरी बरामदगी कोरबा पुलिस की सतर्कता एवं प्रभावी कार्यशैली का परिणाम है।

इस कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एम.बी. पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम के सदस्यों वासुदेव आदित्य, भूपेंद्र लहरे, चंद्रकांत गुप्ता, रामविलास, रमेंद्र वर्मन एवं चंद्रप्रकाश तंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।