कोरबा: गांधी जयंती पर पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का भव्य आयोजन

कोरबी-चोटिया / पोड़ी उपरोड़ा

विशेष रिपोर्ट: सुशील जायसवाल

 

 

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। क्षेत्र के प्रमुख ग्राम पंचायत कोरबी तथा झिनपुरी सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में ग्रामीणों और जन प्रतिनिधियों की भारी उपस्थिति के बीच विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

कोरबी ग्राम पंचायत: बापू को नमन के साथ विकास योजनाओं और शासकीय एजेंडे पर मंथन

ग्राम पंचायत कोरबी में आयोजित ग्राम सभा की शुरुआत में उपस्थित पंचायत पदाधिकारियों, शासकीय कर्मचारियों एवं ग्रामीणों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

इसके पश्चात, शासन की ओर से अधिकृत ग्राम सचिव मोतीराम कोराम ने उपस्थित किसानों एवं ग्रामीणों के समक्ष शासन के मुख्य एजेंडे को पढ़कर सुनाया। बैठक में मुख्य रूप से निम्नलिखित विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई और अहम मुद्दों चर्चा की गई:

प्रधानमंत्री आवास योजना: स्वीकृत एवं निर्माणाधीन मकानों की प्रगति तथा नए पात्र हितग्राहियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

कर वसूली एवं बीमा सुरक्षा: ग्राम पंचायत द्वारा मकानों के कर वसूली के साथ-साथ मकान मालिकों एवं ग्रामीणों के जीवन बीमा/सुरक्षा बीमा कवर से संबंधित शासकीय प्रावधानों से अवगत कराया गया।

निर्माण एवं विकास कार्य: गांव के सर्वांगीण विकास हेतु डबरी निर्माण, मत्स्य पालन (मछली पालन) को बढ़ावा देने, पक्की सड़कों के निर्माण तथा सांस्कृतिक/सामाजिक कार्यक्रमों हेतु मंच निर्माण सहित ग्रामीणों द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों पर सर्वसम्मति से ग्रामसभा में उपस्थित जन प्रतिनिधियों द्वारा विचार विमर्श किया गया

आवारा मवेशियों की समस्या पर कड़ा फैसला: पंचायत देगी चरवाहों को तय राशि

कोरबी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही आवारा मवेशियों की संख्या और उससे फसलों को हो रहे नुकसान पर किसानों ने गहरा आक्रोश एवं नाराजगी व्यक्त की। खेतों में खड़ी फसलों को आवारा मवेशियों द्वारा पहुंचाए जा रहे नुकसान को गंभीरता से लेते हुए ग्राम सभा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया:

 

 

धूमधाम से मनाया जाएगा दशहरा उत्सव,

 

सरपंच राजूराम मरावी बने अध्यक्ष

ग्राम सभा के दौरान आगामी पारंपरिक दशहरा उत्सव को लेकर भी ग्रामीणों की विशेष बैठक हुई। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दशहरा उत्सव को भव्य एवं सांस्कृतिक रीति-रिवाजों के साथ मनाने हेतु “दशहरा उत्सव समिति” का गठन किया गया।

समिति के गठन के दौरान सर्वसम्मति से ग्राम सरपंच राजूराम मरावी को उत्सव समिति का अध्यक्ष चुना गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष का दशहरा पर्व अत्यधिक धूमधाम और उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को सफल और स्मरणीय बनाने के लिए समिति एवं सरपंच राजूराम मरावी, उपसरपंच मुरारी लाल जायसवाल, एवं पंचों के द्वारा समस्त ग्रामवासियों से तन-मन-धन से सहयोग की अपील की गई।

 

झिनपुरी ग्राम पंचायत: “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” के तहत पुलिस ने लगाई चौपाल

ग्राम पंचायत झिनपुरी में आयोजित ग्राम सभा स्थल पर उस समय एक विशेष माहौल देखने को मिला, जब कोरबी पुलिस चौकी की टीम ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर जन-चौपाल का आयोजन किया। कोरबी पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी के नेतृत्व में आयोजित इस चौपाल में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिलाओं, पुरुषों एवं स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

जिला पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस टीम ने ग्रामीणों को विभिन्न ज्वलंत विषयों पर जागरूक किया:

साइबर अपराध से बचाव: इंटरनेट, बैंक धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, ओटीपी शेयर न करने तथा ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित रहने के तरीकों की बारीक जानकारी दी गई।

अंधविश्वास व सामाजिक कुरीतियां: समाज में फैले अंधविश्वास, जादू-टोना और टोही प्रथा जैसे भ्रामक विषयों पर ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कानून व विज्ञान सम्मत सोच अपनाने की सलाह दी गई।

शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था: पुलिस टीम ने ब्लॉक की विभिन्न ग्राम पंचायतों में लगातार भ्रमण कर ग्राम सभाओं को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।