✍️ भागीरथी यादव
धमतरी, 10 जून। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अप्रैल माह में दर्ज गांजा तस्करी के प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्त एक नगर सैनिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई से स्पष्ट हो गया है कि पुलिस अब केवल तस्करों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की दिशा में काम कर रही है।

जानकारी के अनुसार थाना मगरलोड में 14 अप्रैल 2026 को अपराध क्रमांक 63/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। उस दौरान पुलिस ने ग्राम मोहेरा में छापेमारी कर 1.660 किलोग्राम अवैध गांजा, नगद राशि एवं मोबाइल फोन सहित लगभग 89 हजार 930 रुपये की संपत्ति जब्त की थी तथा आरोपी दंपत्ति लाभाराम कुर्रे और सुशीला बाई कुर्रे को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था।
प्रकरण की गहन विवेचना, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। इसी दौरान मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में नगर सैनिक महेश सिन्हा (40 वर्ष), निवासी ग्राम पाहन्दा, थाना मगरलोड की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध गांजा कारोबार से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल था।
थाना मगरलोड पुलिस ने आरोपी की लगातार निगरानी के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिले तथ्यों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और नेटवर्क की कड़ियों की भी जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि पिछले छह सप्ताह के दौरान धमतरी पुलिस मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध सात से अधिक प्रभावी कार्रवाई कर चुकी है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से नशा तस्करों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है तथा जिले में नशे के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है।
