✍️ भागीरथी यादव
धमतरी।
जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम डाही में शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के बाद एक युवक की लकड़ी के लट्ठे और पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। धमतरी पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें 2 विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार 29 जून की रात डाही-बगदेही मार्ग स्थित शीतला मंदिर के आगे मोबाइल टावर के पास मृतक हुलास मंडावी (32) अपने साथियों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि रोशन ध्रुव और मुकेश यादव ने सड़क किनारे पड़े लकड़ी के मोटे लट्ठे से हुलास मंडावी के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद एक अन्य आरोपी ने बड़े पत्थर (बोल्डर) से उसके चेहरे और सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर टीम के साथ संयुक्त जांच शुरू की। मुखबिर सूचना, तकनीकी विश्लेषण और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूरी रात अभियान चलाकर घटना में शामिल सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का लट्ठा और बोल्डर पत्थर भी बरामद कर जब्त कर लिया है। गिरफ्तार 6 वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि जिले में गंभीर अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से शराब और नशे के कारण होने वाले विवादों से बचने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
