वर्दी में सफाई करती महिला आरक्षक का वीडियो वायरल, आरआई पर लगाए आरोप….

✍️ भागीरथी यादव

 

जांजगीर-चांपा। पुलिस लाइन परिसर में महिला आरक्षक के सफाई करते हुए वीडियो सामने आने के बाद विभाग में हलचल मच गई है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। महिला आरक्षक ने आरआई प्रदीप जोशी पर ज्वाइनिंग देने के बजाय सफाई सहित अन्य काम कराने का आरोप लगाया है।

 

वीडियो में महिला आरक्षक पुलिस की वर्दी में परिसर और बाथरूम की सफाई करती दिखाई दे रही है। महिला का कहना है कि वह पिछले दो दिनों से ज्वाइनिंग के लिए अधिकारी से संपर्क कर रही थी, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

 

मामले की जानकारी मिलने पर एडिशनल एसपी ने महिला आरक्षक और आरआई दोनों से जवाब मांगा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।