मिलने बुलाकर युवक की हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार…..

✍️ भागीरथी यादव

 

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

बलरामपुर। पस्ता थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कोटडीह निवासी सोनू खैरवार (30) और उसकी पत्नी मनबासो खैरवार (25) को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान कोदौरा निवासी वसीम अंसारी (35) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार वसीम 2 अक्टूबर की शाम घर से एक्टिवा लेकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसकी एक्टिवा मक्का बाड़ी के पास मिली। परिजनों ने 3 अक्टूबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। तलाश के दौरान जंगल में एक गड्ढे से वसीम का कटा हुआ सिर बरामद हुआ। बाद में करीब 200 मीटर दूर उसका धड़ भी मिला।

 

जांच में पुलिस को सोनू और उसकी पत्नी पर संदेह हुआ। पूछताछ में दोनों के हत्या में शामिल होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक मनबासो के शादी से पहले वसीम से संबंध थे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था।

 

बताया गया कि 2 अक्टूबर की शाम मनबासो ने वसीम को मिलने के लिए बुलाया था। जंगल के पास पहुंचने पर पति-पत्नी ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव के सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।