पहले असली सोना, फिर नकली पत्तियां… ज्वेलर्स से 19 लाख की ठगी, छह गिरफ्तार….

✍️ भागीरथी यादव

 

दुर्ग/पाटन। ज्वेलर्स का भरोसा जीतकर नकली सोना गिरवी रखने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पाटन के लक्ष्मी ज्वेलर्स से करीब 19 लाख 32 हजार रुपये की ठगी के मामले में राजस्थान के अलवर निवासी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले असली सोना गिरवी रखकर समय पर रकम लौटाई और व्यापारी का विश्वास हासिल किया। इसके बाद 24 सितंबर को 18 सोने की पत्तियां बताकर करीब 180 ग्राम माल गिरवी रखा और 15.93 लाख रुपये ले लिए। साथ ही तीन अंगूठी और एक जोड़ी चांदी की पायल भी करीब 3.39 लाख रुपये में उधार ले गए।

 

रकम तय समय पर वापस नहीं करने पर ज्वेलर्स को शक हुआ। जांच में सामने आया कि पत्तियों में केवल करीब 10 प्रतिशत सोना था, जबकि बाकी धातु थी। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

 

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि गिरोह इसी तरीके से एक अन्य ज्वेलर्स से करीब 25 लाख रुपये हासिल करने की कोशिश कर रहा है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया। कुछ आरोपियों के ट्रेन से भागने की सूचना पर आरपीएफ की मदद से दो महिलाओं और दो पुरुषों को भी पकड़ा गया।

 

पुलिस ने आरोपियों के पास से 23 नकली और एक असली सोने की पत्ती, 16,190 रुपये नकद, बाइक, छह गुप्त कपड़े की थैलियां, ज्वेलर्स का कोरा बिल, आधार-एटीएम कार्ड सहित अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस अब गिरोह द्वारा अन्य स्थानों पर की गई ठगी की घटनाओं की जानकारी जुटा रही है।