आंगन में चल रहा था गौ मांस कटाई का खेल, 7 किलो मांस के साथ आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गौ मांस रखने और काटने के आरोप में एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में मांस और काटने के औजार बरामद किए गए हैं।

 

 

मिली जानकारी के अनुसार, बेलगहना निवासी जय गुप्ता ने पुलिस को सूचना दी थी कि ग्राम करहीकछार में बिजली ऑफिस के पास रहने वाला सुरेश कुमार सोनवानी अपने घर में गौ मांस रखकर उसे काट रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नुपुर उपाध्याय के निर्देशन में गठित टीम ने तड़के सुबह आरोपी के घर पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान आरोपी सुरेश कुमार सोनवानी (53 वर्ष) को उसके घर के आंगन में मांस काटते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

 

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गाय और भैंस के मांस को काटकर सुखाता और खाने के लिए रखता था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 7 किलोग्राम कटा हुआ मांस और एक टंगली (मांस काटने का औजार) जब्त किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 5 एवं 10 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

क्षेत्र में हड़कंप, पुलिस की सख्ती से अवैध गतिविधियों पर लगाम