✍️ भागीरथी यादव
कोरबा/पाली। गांव की महिलाओं को स्व-सहायता समूह के जरिए आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का भरोसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पाली पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब डेढ़ साल से फरार था।
पुलिस के मुताबिक ग्राम कोड़ार निवासी पवन कुमार गौड़ पिता बृजपाल सिंह गौड़ ने महिलाओं के नाम पर स्व-सहायता समूह गठित कराए। इसके बाद उनके बैंक खाते खुलवाकर विभिन्न बैंकों से समूहों के नाम पर करीब 25 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया। आरोप है कि ऋण की रकम महिलाओं को देने के बजाय आरोपी खुद लेकर फरार हो गया।
बाद में बैंक की किस्त और नोटिस पहुंचने पर महिलाओं को ठगी की जानकारी हुई। पीड़ितों की शिकायत पर पाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार ठिकाना बदलने के कारण आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था। तकनीकी जांच और साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन पुणे में मिली। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर कोरबा लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
