✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर/कोटा। कोटा थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में गाली-गलौज, मारपीट, धमकी और रास्ता रोककर झपटमारी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आकाश तिवारी (35), निवासी राम मंदिर चौक पड़ावपारा, कोटा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर को आरोपी के खिलाफ तीन अलग-अलग शिकायतें मिलीं। एक मामले में घर में घुसकर गाली-गलौज करने और महिला से धक्का-मुक्की का आरोप है। दूसरे मामले में रास्ते में वाहन रोककर मारपीट करने, धमकी देने और गाड़ी की चाबी छीनने की शिकायत दर्ज हुई। तीसरे मामले में भी गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया गया।
शिकायतों के आधार पर कोटा पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में तीन अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिलीप साहू और आरक्षक धर्मेंद्र साहू की विशेष भूमिका रही।
