✍️ भागीरथी यादव
रायपुर में किराये के मकान से नाबालिग बरामद, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म
बिलासपुर। तारबाहर थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में 22 वर्षीय युवक को रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बालिका को भी आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 9 मई 2026 की शाम नाबालिग अपने घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में अपहरण की आशंका को देखते हुए अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि नाबालिग को रायपुर में एक किराये के मकान में रखा गया है। सूचना की पुष्टि के बाद तारबाहर पुलिस ने तत्काल टीम रवाना की। पुलिस टीम ने रायपुर स्थित किराये के मकान में दबिश देकर नाबालिग को बरामद कर लिया।
मामले में पुलिस ने ठाकुर राम रात्रे उर्फ हर्ष (22), निवासी ग्राम नरदहा, थाना विधानसभा, रायपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने, शादी का झांसा देने और दुष्कर्म करने के आरोप हैं। आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
