कोरबी पुलिस की कार्रवाई, मोटरसाइकिल से ले जा रहे 49 नग गोवा व्हिस्की जब्त….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबी पुलिस की कार्रवाई, मोटरसाइकिल से ले जा रहे 49 नग गोवा व्हिस्की जब्त

 

बिना वैध लाइसेंस शराब का परिवहन करते दो युवक गिरफ्तार, 8.82 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

 

कोरबा। कोरबा जिले की कोरबी पुलिस चौकी ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल से गोवा व्हिस्की ले जा रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 180 एमएल की 49 बोतलें, कुल 8.82 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। मामले में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को आरक्षक संजय साहू और परमानंद दिवाकर शासकीय वाहन से ग्राम भदरापारा की ओर गश्त पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक शराब लेकर भदरा की ओर से कोरबी आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भदरा चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोक लिया।

 

पूछताछ में मोटरसाइकिल चालक की पहचान अभिषेक नेटी (19 वर्ष), निवासी ग्राम फुलसर, तथा पीछे बैठे युवक की पहचान जगेश्वर सिंह ओड़ाली (23 वर्ष), निवासी कोरबीपारा, कोरबी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखे प्लास्टिक बोरे के अंदर कार्टून में गोवा व्हिस्की की 49 बोतलें मिलीं।

 

पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक शराब परिवहन से संबंधित वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद शराब और मोटरसाइकिल के संबंध में जब्ती की कार्रवाई की गई। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

 

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी के नेतृत्व में आरक्षक संजय कुमार साहू और आरक्षक परमानंद दिवाकर की भूमिका रही। पुलिस मामले में शराब के स्रोत और उसके गंतव्य की जानकारी जुटा रही है।