कोरबा: नदी के पुल पर मिली आरक्षक की बाइक, नदी में तलाश जारी…..

✍️ भागीरथी यादव 

 

कोरबा। जिले के केंदई के पास हसदेव नदी के पुल पर एक आरक्षक की बाइक और निजी दस्तावेज मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर मिले सामान के आधार पर आरक्षक के नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।

जानकारी के अनुसार, पुल पर बाइक क्रमांक CG 14 MX 1898 खड़ी मिली। उसके पास मोबाइल, पर्स, पुलिस परिचय पत्र और आधार कार्ड भी बरामद हुए। दस्तावेजों से आरक्षक की पहचान 31 वर्षीय सुनील बेक के रूप में हुई है। वह सरगुजा जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र की तारापुर चौकी में पदस्थ है।

 

मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। संबंधित थाना एवं चौकी को भी सूचित कर दिया गया है।

 

बताया जा रहा है कि हसदेव नदी में तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में कठिनाई आ रही है। देर रात होने के चलते खोजबीन प्रभावित हुई। फिलहाल आरक्षक के नदी में जाने की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उसकी तलाश जारी है।