✍️ भागीरथी यादव
रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा स्थित VIP चौक पर कंटेनर की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी आठ वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मां-बेटी स्कूटी से पचपेड़ी नाका से टेमरी गांव की ओर जा रही थीं। इसी दौरान VIP चौक पर कंटेनर से उनकी स्कूटी की टक्कर हो गई। दुर्घटना में महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना पर तेलीबांधा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
