स्कूल भवन के लिए 15 किमी पैदल चले बच्चे, अफसरों के दफ्तर का किया घेराव….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

गरियाबंद। मैनपुर विकासखंड के ग्राम ठेमली में अधूरे स्कूल भवन को लेकर बच्चों और ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। तेज बारिश और खराब मौसम के बीच रेनकोट व छाते के सहारे स्कूली बच्चे करीब 15 किलोमीटर पैदल चलकर मैनपुर पहुंचे। यहां उन्होंने पहले खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया और फिर एसडीएम कार्यालय की ओर बढ़े। बच्चों ने भवन निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल में अतिरिक्त कक्ष बनाने के लिए 8.32 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे। आरोप है कि करीब 80 प्रतिशत राशि का भुगतान होने के बावजूद निर्माण अधूरा है। इसके चलते 30 से अधिक बच्चों को एक ही कमरे में पढ़ाई करनी पड़ रही है। कई बार शिकायत और आवेदन देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीण नाराज हैं।

 

बच्चों, पालकों और जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों की बातचीत के बाद घेराव समाप्त हुआ। हालांकि, ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि भवन का निर्माण पूरा नहीं होने पर वे बच्चों के साथ शाला बहिष्कार करेंगे।

 

सहायक आयुक्त लोकेश्वर पटेल ने बताया कि अधूरे कार्यों की जांच के बाद कार्रवाई और राशि की वसूली की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, एसडीएम लोकांश एल्मा ने कहा कि बच्चों और पालकों की समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। मांग पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।