कोरबा ब्रेकिंग: दिनदहाड़े लूट की दो वारदातों से दहला शहर, बाइक सवार लुटेरों का पुलिस ने किया पर्दाफाश देखें वीडियो……

✍️ भागीरथी यादव

 

 

 

कोरबा। शहर में राह चलती महिलाओं को निशाना बनाकर पर्स लूटने वाले गिरोह का सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने खुलासा किया है। लगातार दो दिनों में हुई लूट की अलग-अलग घटनाओं की जांच करते हुए पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़कर निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन और दोनों घटनाओं से संबंधित लगभग 6 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली वारदात 3 नवंबर 2026 को पोड़ीबहार निवासी सीमा महंत के साथ हुई थी। वह शाम करीब 4:07 बजे पोड़ीबहार से कोसाबाड़ी की ओर जा रही थीं। इसी दौरान कोसाबाड़ी पानी टंकी के पास मोटरसाइकिल से पहुंचे बदमाशों ने उन्हें पंचनुमा हथियार दिखाकर भयभीत किया और उनके हाथ में मौजूद पर्स छीनकर फरार हो गए।

 

दूसरी घटना अगले दिन 4 नवंबर को शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुई। चंदन सिंह की पत्नी आरती अपनी दो सहेलियों के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव देखने जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उनका पर्स लूट लिया और मौके से भाग निकले।

 

लगातार दो दिनों में महिलाओं के साथ हुई इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। संदेहियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दीपक साहू को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

 

आरोपी ने पुलिस को बताया कि लूट में मिली रकम का कुछ हिस्सा खाने-पीने में खर्च कर दिया गया था, जबकि खाली पर्स को पोड़ीबहार मुक्तिधाम के पास खड़ी एक कार के पीछे फेंक दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों से एक विवो मोबाइल फोन और दोनों मामलों में कुल करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद कर जब्त किए हैं।

 

मामले में पुलिस ने 5 नवंबर को मुख्य आरोपी दीपक साहू (28 वर्ष), पिता अमर लाल साहू, निवासी 15 ब्लॉक, महावीर चौक के पास, चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया। वहीं, उसके साथ शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

 

दो दिनों के भीतर महिलाओं से पर्स लूट की दोनों घटनाओं का खुलासा होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।