कोरबा: दुल्लापुर में नए पंचायत भवन और पीडीएस भवन का भूमिपूजन, ग्रामीणों को मिलेगी जर्जर भवनों से मुक्ति….

जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम ने किया भूमिपूजन, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में रखी गई निर्माण कार्य की नींव

 

सुशील जायसवाल

 

दुल्लापुर (कोरबी)। कोरबा जिले के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम पंचायत दुल्लापुर में ग्रामीणों को जल्द ही नए पंचायत भवन और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) भवन की सौगात मिलने जा रही है। लंबे समय से जर्जर भवनों में पंचायत का कामकाज और राशन वितरण होने के कारण ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को देखते हुए गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को नए पंचायत भवन एवं पीडीएस भवन निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम उपस्थित रहे। उनके कर-कमलों से पूजा-अर्चना के बाद नारियल फोड़कर एवं ईंट रखकर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर जनपद सदस्य वेद प्रताप कोराम एवं ग्राम पंचायत दुल्लापुर के सरपंच उजीत कोराम विशेष रूप से मौजूद रहे।

 

गौरतलब है कि ग्राम पंचायत दुल्लापुर में पंचायत संबंधी कार्यों और राशन वितरण का संचालन लंबे समय से पुराने एवं जर्जर भवनों में किया जा रहा था। भवनों की खराब स्थिति के कारण पंचायत के कामकाज, जरूरी दस्तावेजों के रखरखाव और राशन वितरण में काफी दिक्कतें आती थीं। नए भवनों के निर्माण से इन समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।

 

नए पंचायत भवन के निर्माण से ग्राम पंचायत की बैठकें, शासकीय योजनाओं का संचालन और अन्य प्रशासनिक कार्य बेहतर तरीके से हो सकेंगे। वहीं, नए पीडीएस भवन से ग्रामीणों को राशन वितरण के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा।

 

भूमिपूजन कार्यक्रम में पंचायत के पंचगण, पंचायत सचिव अशोक कुमार बिंझवार, प्रशासनिक कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण, माताएं-बहनें उपस्थित रहे। नए भवनों के निर्माण की शुरुआत से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य जल्द और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा होगा, जिससे गांव की बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।