✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल सहित वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर ही आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को ग्राम समडील निवासी दुर्गेश साहू घरेलू सामान और पटाखे खरीदने के लिए अपनी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BL 1353 से ग्राम गनियारी पहुंचे थे। इसी दौरान तीन युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और मारपीट करते हुए पैसों की मांग की। पैसे नहीं देने पर आरोपी उनकी मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
घटना की शिकायत मिलने पर कोटा पुलिस ने अपराध क्रमांक 981/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 119(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश और पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सूर्यवंशी (19), नंद कुमार केवट (19) और नीरज सूर्यवंशी (19) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी आजाद चौक मंगला, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत की लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों द्वारा पूर्व में भी सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, थाना प्रभारी उपनिरीक्षक नागेश्वरी साहू, उपनिरीक्षक दिलीप साहू, प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, सुनील पटेल एवं दीप सिंह कंवर की विशेष भूमिका रही।
