✍️ भागीरथी यादव
रायपुर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे शोएब ढेबर की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बनाई गई पुलिस की गोपनीय योजना की जानकारी लीक होने और संदिग्ध आचरण के आरोप में निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा ने निलंबन आदेश जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा 30 अक्टूबर को भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 के मामले में निरीक्षक विनीत दुबे की भूमिका संदिग्ध पाए जाने को निलंबन का आधार बनाया गया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने फरार आरोपी शोएब ढेबर को पकड़ने के लिए खम्हारडीह इलाके में दबिश देने की योजना बनाई थी। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई से पहले ही आरोपी वहां से निकल गया। इसके बाद पुलिस की गोपनीय जानकारी लीक होने की आशंका पर विभागीय जांच शुरू की गई। इस मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी पहले ही निलंबित किया जा चुका है।
आरोपी पर घोषित हुआ 15 हजार रुपये का इनाम
शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कुल 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 10 हजार रुपये तथा इससे पहले सेंट्रल डीसीपी की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने आम लोगों से आरोपी के संबंध में सूचना देने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति को घोषित इनाम की राशि प्रदान की जाएगी।
विदेशी नंबर से मांगी गई थी 25 करोड़ की रंगदारी
मामले के अनुसार, 14 सितंबर को कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के माध्यम से धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेश भेजने वाले ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। साथ ही कुकरेजा, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
शिकायत के बाद तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन भी जब्त किए गए थे, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई थी।
बाद में पुलिस ने दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए अदालत में आवेदन दिया था, जिसे मंजूरी मिल गई। इसके बाद से शोएब ढेबर फरार है। फिलहाल रायपुर पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। वहीं, गिरफ्तारी की गोपनीय जानकारी लीक होने के मामले में निरीक्षक के निलंबन के बाद पुलिस विभाग की कार्रवाई चर्चा में है।
