जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह की मौजूदगी में शुरू हुई खरीदी, नवीन केंद्र खुलने से क्षेत्रीय किसानों को मिलेगी बड़ी राहत
सुशील जायसवाल
कोरबा (परला/कोरबी-चोटिया)। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के नवीन धान उपार्जन केंद्र परला में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ 19 नवंबर को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। नए खरीदी केंद्र की शुरुआत से क्षेत्र के किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। शुभारंभ के पहले ही दिन ग्राम बनिया के सिमराहा पारा निवासी किसान रामसिंह, पिता सोहन सिंह से 56 क्विंटल धान की पहली खरीदी की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह रहे। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर, जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम, सहकारिता सभापति पवन पोया, भाजपा मंडल अध्यक्ष ऋषि प्रजापति सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू की गई। पहली खरीदी कराने वाले किसान का अतिथियों ने फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अतिथियों ने कहा कि नवीन धान उपार्जन केंद्र शुरू होने से परला और आसपास के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के किसानों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूरस्थ खरीदी केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनके समय, श्रम और परिवहन खर्च में भी कमी आएगी।
मुख्य अतिथि डॉ. पवन कुमार सिंह ने कहा कि किसानों की मेहनत प्रदेश की कृषि व्यवस्था की मजबूत नींव है। शासन की धान खरीदी व्यवस्था का लाभ अंतिम छोर के किसानों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने खरीदी केंद्र में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने पर जोर दिया।
इस अवसर पर ग्राम परला के सरपंच जवाहर सिंह, चोटिया सरपंच प्रतिनिधि रायसिंह बिंझवार, जनपद सदस्य श्रीमती कुंती दिनेश केराम, पूर्व तहसीलदार जे.पी. सिंह, विनोद बिंझवार, विनोद कुमार साहू, छगन यादव, विवेक तंवर, हंसलाल साहू, प्रहलाद सिंह बिंझवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से एसडीएम मनोज कुमार बंजारे, सहायक खाद्य अधिकारी सरोज उरेती तथा समिति की ओर से नोडल अधिकारी पी.के. नेटी, समिति प्रबंधक राजेन्द्र विंध्यराज, फड़ प्रभारी मो. सलीम खान, बारदाना प्रभारी विजय कुमार विश्वास, कंप्यूटर ऑपरेटर विजय कुमार देवांगन एवं शिवनारायण सिंह सहित संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
नवीन केंद्र की शुरुआत को किसानों ने क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। किसानों ने उम्मीद जताई कि पूरे खरीदी सीजन में तौल, बारदाना और पंजीयन सहित सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित रहेंगी, जिससे उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो। 56 क्विंटल धान की पहली खरीदी के साथ परला केंद्र में नए खरीदी सत्र का आगाज हुआ।
